गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित द्विसाप्ताहिक कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत गुरुवार को विशाल योग जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली को गोरखपुर के महापौर मंगलेश कुमार तथा विश्वविद्यालय की कुलपति पूनम टंडन ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रातःकाल आयोजित इस रैली में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ आचार्यों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा स्ववित्तपोषित संस्थानों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। रैली के दौरान यातायात व्यवस्था एवं अनुशासन बनाए रखने में ट्रैफिक पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रैली के संयोजक प्रो. आमोद कुमार राय एवं प्रो. सत्यपाल सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय सामाजिक सरोकारों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहा है। योग जनजागरूकता रैली का उद्देश्य आमजन को योग के प्रति प्रेरित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करना है। शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी रैली में भाग लिया।
रैली नौकायन पहुंचने के बाद आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि योग आज केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनसीसी, एनएसएस एवं रोवर्स-रेंजर्स की इकाइयों ने सक्रिय योगदान दिया। आयोजन टीम में प्रो. अजय कुमार चौबे, डॉ. संजय तिवारी, डॉ. राहुल मिश्र, डॉ. तुलिका मिश्र, डॉ. मीतू सिंह तथा डॉ. सुनीता सहित अनेक शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
