गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। प्रतिभा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के एम.ए. समाजशास्त्र के छात्र सनी सिंह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किकबॉक्सिंग में अपनी पहचान स्थापित कर रहे हैं। खेल उपलब्धियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाकर उन्होंने विश्वविद्यालय और पूर्वांचल का गौरव बढ़ाया है।
सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप-2025 में विश्व स्तर पर नौवीं रैंक तथा वाको इंडिया कप-2026 में रजत पदक जीतने वाले सनी सिंह को उनकी खेल उपलब्धियों के चलते कई प्रतिष्ठित संस्थाओं ने अपना ब्रांड एम्बेसडर बनाया है। इनमें मैरियन फाउंडेशन तथा गुडडे स्वीट्स एंड बेकर्स प्रमुख हैं।
समाजशास्त्र के छात्र होने के नाते सनी सिंह सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। मिशन अपराजिता के माध्यम से वह अब तक 5,000 से अधिक बेटियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे चुके हैं। वहीं बरकत सोसाइटी के सहयोग से झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों के बच्चों को खेल एवं शिक्षा से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त नील गगन पूर्वांचल अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा और इको-गार्डन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
सनी सिंह की उपलब्धियों पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि वह केवल पदक ही नहीं जीत रहे हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक भी बन रहे हैं। खेल, शिक्षा और सामाजिक सरोकार का उनका समन्वय प्रेरणादायी है।
मैरियन फाउंडेशन से जुड़े अमरीश चंद्रा ने कहा कि खेल में अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने के बाद भी समाज सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें विशेष बनाती है। वहीं गुडडे स्वीट्स एंड बेकर्स के प्रबंध निदेशक निखिल बुंधवानी ने सनी सिंह की ऊर्जा, समर्पण और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें युवाओं के लिए आदर्श बताया।
लगातार तीन बार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके सनी सिंह का अगला लक्ष्य अगस्त 2026 में आयोजित होने वाली सीनियर नेशनल चैंपियनशिप है। उनका सपना 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाना है। खेल प्रेमियों को विश्वास है कि अपनी मेहनत और लगन के बल पर वह आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का नाम और ऊंचा करेंगे।
रिंग से लेकर समाज सेवा तक: डीडीयू के सनी सिंह बने खेल और सामाजिक बदलाव के नए यूथ आइकॉन
RELATED ARTICLES
