महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में डीजल और पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आम जनता से संयम बनाए रखने की अपील की है। जिला पूर्ति अधिकारी ए. पी. सिंह ने बताया कि जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है। किसी भी प्रकार की घबराहट या अफवाह पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
प्रशासन ने साफ किया है कि यदि किसी पेट्रोल पंप पर डीजल या पेट्रोल की आपूर्ति, कालाबाजारी, अधिक मूल्य वसूली अथवा किसी अन्य प्रकार की समस्या सामने आती है, तो आम नागरिक सीधे संबंधित सेल्स अधिकारियों से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए अलग- अलग पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बीपीसीएल के सेल्स अधिकारी निंबुज से 9685533473, आईओसीएल के अधिकारी फैज से 7807878008 तथा एचपीसीएल के अधिकारी ऋषभ से 8655436455 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन का कहना है कि जनपद में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी नहीं होने दी जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला पूर्ति अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। साथ ही मीडिया से भी सहयोग की अपेक्षा जताई गई है, ताकि सही जानकारी लोगों तक पहुंचे और अनावश्यक भीड़ या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
