संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित होकर नगर पंचायत मगहर में आमी नदी को स्वच्छ बनाने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान में मनोनीत सभासद गौरव निषाद और ई. अरुण गुप्ता ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए नदी की सफाई के लिए हर संभव सहयोग देने का संकल्प लिया।
सभासद गौरव निषाद ने कहा कि आमी नदी क्षेत्र की पहचान और सांस्कृतिक धरोहर है। इसकी स्वच्छता और संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
सभासद ई. अरुण गुप्ता ने कहा कि स्वच्छ वातावरण और स्वच्छ जल स्रोत स्वस्थ समाज की नींव हैं। आमी नदी की सफाई के लिए नगर पंचायत के साथ-साथ आम लोगों की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अभियान के दौरान नगर के सफाई कर्मियों ने पूरे मनोयोग और समर्पण के साथ नदी सफाई कार्य में योगदान दिया, जिसके लिए सभी ने उनका आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पूर्व सभासद प्रत्याशी विक्की खान, विशाल रावत, अमरजीत वर्मा, विद्याधर यादव, सपा नेता अमन कन्नौजिया, मनीष कन्नौजिया, सबलू अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
अभियान में शामिल लोगों ने कहा कि आमी नदी की स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है और इसके संरक्षण के लिए जनसहभागिता बेहद आवश्यक है।
