Monday, March 23, 2026
HomeNewsbeatसाइबर जागरूकता कार्यशाला में डिजिटल सुरक्षा पर जोर, पुलिस लाइन निर्माण की...

साइबर जागरूकता कार्यशाला में डिजिटल सुरक्षा पर जोर, पुलिस लाइन निर्माण की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश

औरैया (राष्ट्र की परम्परा)। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के मद्देनजर जनपद औरैया में साइबर जागरूकता कार्यशाला 2026 का आयोजन किया गया। गेल के सरगम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र हरीश चंदर, जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी तथा पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राएं, शिक्षक, पत्रकार और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यशाला में साइबर अपराध के बदलते स्वरूप पर चर्चा करते हुए आलोक सिंह ने कहा कि अपराधी अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग कर लोगों को ठगने के नए तरीके अपना रहे हैं, ऐसे में सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की सलाह दी।

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ रक्षित टण्डन ने ऑनलाइन ठगी के तरीकों जैसे फिशिंग, फेक लिंक और नकली वेबसाइट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षित पासवर्ड के उपयोग, अनजान लिंक से बचने और व्यक्तिगत व बैंकिंग जानकारी साझा न करने की सलाह दी।

कार्यशाला में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ साइबर अपराधों पर भी विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने साइबर बुलिंग, फेक प्रोफाइल और ऑनलाइन शोषण से बचाव के उपाय बताए और हेल्पलाइन व पुलिस से तत्काल संपर्क करने को कहा।

कार्यक्रम का उद्देश्य विशेषकर युवाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। अधिकारियों ने कहा कि जनसहभागिता से ही साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

कार्यशाला के बाद अधिकारियों ने निर्माणाधीन पुलिस लाइन का निरीक्षण किया, जहां कार्य की गति धीमी पाई गई। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण में तेजी लाने और समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, कैफेटेरिया और स्कूल जैसी सुविधाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही बारिश से पहले स्ट्रक्चर कार्य पूरा करने और बाद में फिनिशिंग कार्य करने को कहा गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments