गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में आधुनिक तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), मशीन लर्निंग एवं डेटा साइंस जैसे उभरते क्षेत्रों में नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत की जा रही है।
भारत सरकार द्वारा वैश्विक स्तर पर उभरती तकनीकों को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से उच्च शिक्षण संस्थानों में ऐसे उद्योगोन्मुख पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विश्वविद्यालय में आगामी शैक्षणिक सत्र से बी.टेक. इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस तथा बीसीए इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को एआई, एमएल, बिग डेटा एनालिटिक्स एवं अन्य आधुनिक तकनीकों में दक्ष बनाना है, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि आज के डिजिटल युग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग एवं डेटा साइंस जैसी तकनीकें स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, वित्त, साइबर सुरक्षा तथा स्मार्ट सिटी जैसे क्षेत्रों में तेजी से परिवर्तन ला रही हैं। विश्वविद्यालय द्वारा इन पाठ्यक्रमों की शुरुआत विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने और उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि पाठ्यक्रमों की रूपरेखा उद्योग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, अनुसंधान के अवसर एवं तकनीकी कौशल प्राप्त होंगे। विशेषज्ञ संकाय, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और उद्योग सहयोग के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह पहल क्षेत्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करेगी और युवाओं को डिजिटल युग में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त प्रदान करेगी। इच्छुक अभ्यर्थियों से इन नवाचारपूर्ण पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने का आह्वान किया गया है।
