Wednesday, February 18, 2026
HomeNewsbeatगौशाला अव्यवस्था पर महाराजगंज में सड़क पर उतरे संगठन

गौशाला अव्यवस्था पर महाराजगंज में सड़क पर उतरे संगठन

गौशालाओं की बदहाली पर फूटा गुस्सा, बजरंग दल–विहिप का चक्काजाम



महाराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद की गौशालाओं की बदहाली और गोवंशों की लगातार हो रही मौतों को लेकर मंगलवार को हिंदू संगठनों का आक्रोश खुलकर सामने आया। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने नगर के सक्सेना चौक/तिराहे पर मृत गोवंश का कंकाल रखकर करीब डेढ़ घंटे तक चक्काजाम किया। इस दौरान प्रमुख मार्गों पर यातायात पूरी तरह ठप रहा और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण में सामने आई गंभीर लापरवाही
प्रदर्शन से पहले संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सदर क्षेत्र की चेंहरी तथा अहमदपुर हड़हवां गौशाला का निरीक्षण किया। आरोप है कि वहां मृत गोवंशों के अवशेष, गंदगी, चारे-पानी की कमी, चिकित्सा सुविधाओं का अभाव और देखरेख में भारी लापरवाही देखने को मिली। कार्यकर्ताओं का कहना है कि गौशालाओं की बदहाली के कारण गोवंश बीमार पड़ रहे हैं और उनकी मौतें हो रही हैं, जबकि जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे हुए हैं।
सक्सेना चौक पर चक्काजाम, प्रशासन हरकत में
निरीक्षण के बाद शाम करीब 4:15 बजे कार्यकर्ता कंकाल लेकर सक्सेना चौक पहुंचे और नारेबाजी के साथ सड़क पर बैठ गए। गौशालाओं की बदहाली और सरकारी धन के कथित दुरुपयोग के आरोप लगाए गए। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब 5:35 बजे ज्ञापन सौंपे जाने के बाद धरना समाप्त हुआ और आवागमन सामान्य हुआ।
पोस्टमार्टम में चौंकाने वाला खुलासा
अहमदपुर हड़हवां गौशाला में मृत गोवंश का पशु चिकित्सकों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में पेट से अत्यधिक मात्रा में पॉलिथीन मिलने की पुष्टि हुई। परिसर में कई स्थानों पर प्लास्टिक कचरा फैला मिला। संगठनों का आरोप है कि खुले में पड़े कूड़े और पॉलिथीन के सेवन से गोवंश बीमार पड़ रहे हैं, जो गौशालाओं की बदहाली का स्पष्ट प्रमाण है।
चेतावनी और आगे की कार्रवाई
मौके पर प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि गौशालाओं की बदहाली दूर करने के लिए तत्काल ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो जिला मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करने और सुधारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments