उत्तर प्रदेश दिवस पर 24 से 26 जनवरी तक तीन दिवसीय कार्यक्रम, विकास योजनाओं की लगेगी प्रदर्शनी
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में आगामी 26 जनवरी 2026 को जनपद में गणतंत्र दिवस समारोह परम्परागत एवं हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) जय प्रकाश एवं मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों के संयोजन एवं समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रमों में प्रभात फेरी, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद, वृक्षारोपण सहित अन्य गतिविधियां शामिल की गई हैं।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों सहित सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा महापुरुषों की प्रतिमाओं की रंगाई-पुताई व स्वच्छता कराने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश ने गणतंत्र दिवस समारोह की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का व्यक्तिगत रूप से निर्वहन कर कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी प्रातः 08.15 बजे प्रभात फेरी, 08.30 बजे सभी सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण, 09.15 बजे वृक्षारोपण, 09.30 से 11.30 बजे तक पुलिस परेड, 10.00 बजे महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण तथा अपराह्न 01.00 बजे जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से गणतंत्र दिवस को राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाने की अपील करते हुए कहा कि ध्वज स्वच्छ, निर्धारित आकार का तथा सही क्रम में फहराया जाए।
उत्तर प्रदेश दिवस
मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने अवगत कराया कि 24 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर विकास भवन परिसर के डीपीआरसी हॉल में कार्यक्रम आयोजित होंगे। 24 से 26 जनवरी तक तीन दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की प्रदर्शनी एवं स्टाल लगाए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन 24 जनवरी को प्रातः 11 बजे होगा, साथ ही लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया जाएगा।
बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारी, समाजसेवी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
