Thursday, March 19, 2026
Homeपंजाबअमृतसर हादसा: बेकाबू ट्राले ने मां-बेटे समेत तीन को कुचला, मौके पर...

अमृतसर हादसा: बेकाबू ट्राले ने मां-बेटे समेत तीन को कुचला, मौके पर मौत — इलाके में मचा हड़कंप

अमृतसर/पंजाब (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। पंजाब के अमृतसर जिले से एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। शुक्रवार देर रात अजनाला रोड बाईपास पर एक बेकाबू 18 टायरों वाला ट्राला अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को कुचल गया। इस दर्दनाक हादसे में मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्राला चालक वाहन को रिवर्स (बैक) कर रहा था, लेकिन अंधेरे के कारण उसने सड़क किनारे मौजूद लोगों को नहीं देखा। ट्राले के चढ़ते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी ट्राला चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्राला जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में एक महिला और उसका बेटा शामिल हैं, जबकि तीसरे मृतक की पहचान की जा रही है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अजनाला रोड बाईपास पर भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाया जाए और सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments