
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर देवरिया में आयोजित हुआ विशेष जागरूकता कार्यक्रम
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर सोमवार को पीएमश्री राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, देवरिया में विशेष जागरूकता एवं दवा सेवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी दिव्या मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने स्वयं एल्बेंडाजोल दवा का सेवन कर किया। कार्यक्रम में बच्चों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि “स्वस्थ बच्चे ही देश का भविष्य हैं।” उन्होंने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते हुए मोबाइल व इंटरनेट के अत्यधिक प्रयोग से बचने, किताबें पढ़ने, खेल-कूद में भाग लेने, घूमने-फिरने और संतुलित-पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि जनपद में 1 से 19 वर्ष की आयु के लगभग 15.3 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल खिलाने का लक्ष्य निर्धारित है। यह दिवस वर्ष में दो बार—फरवरी और अगस्त—मनाया जाता है। जो बच्चे इस दिन दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 14 अगस्त को मॉप-अप राउंड के माध्यम से दवा दी जाएगी। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने बच्चों को स्वच्छता अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली जीने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कृमि संक्रमण से बचाव के लिए नाखून छोटे और साफ रखें, साफ पानी पिएं, खाने को ढककर रखें, फल-सब्जियां धोकर खाएं, आसपास सफाई बनाए रखें, जूते पहनें, खुले में शौच न करें और शौचालय का प्रयोग करें। साथ ही खाने से पहले और शौच के बाद हाथ साबुन से धोने की आदत डालें। कार्यक्रम में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कृमि संक्रमण के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। डीएम और एसपी ने बच्चों के साथ दवा का सेवन किया और सभी को इसे नियमित रूप से लेने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्वनी पाण्डेय, जिला मलेरिया अधिकारी सीपी मिश्रा, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, स्वास्थ्यकर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
