
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। भलुअनी थाना क्षेत्र के पटखौली गांव निवासी 9 वर्षीय आरुष गौड़ के अपहरण और हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मासूम की हत्या तंत्र-मंत्र के लिए नरबलि देकर की गई थी। इस वारदात में मृतक का सगा फूफा और यूपी पुलिस का सिपाही इंद्रजीत गौड़, एक ओझा समेत चार लोग शामिल थे। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, इंद्रजीत गौड़ की शादी वर्ष 2024 में पटखौली गांव की शम्भा से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद वह ससुराल आया तो परिजनों ने बताया कि उसके ऊपर कथित तौर पर देवी मां सवार हो गई हैं और वह बीमार पड़ गया। इलाज के नाम पर उसे एक ओझा के पास ले जाया गया, जिसने नरबलि देने की बात कही।
इंद्रजीत ने योजना के तहत अपने साले, 9 वर्षीय आरुष को बहला-फुसलाकर एक बगीचे में बुलाया। वहां रात में पूजा-पाठ के दौरान चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी गई और शव को जमीन में दफना दिया गया। बाद में आरोपी ओझा और इंद्रजीत ने शव को निकालकर बोरे में रखा और पिकअप वाहन से नदी में फेंक दिया।
एसपी विक्रांत वीर ने बताया कि मृतक के करीबी रिश्तेदार ही हत्या में शामिल थे। चारों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है। मामले के खुलासे पर पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का इनाम दिया गया है।
