
गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)
लोक संस्कृति एवं लोक कला के संरक्षण व संवर्धन के लिए समर्पित संस्था पुरवाई कला गोरखपुर के संस्थापक डॉ राजीव केतन की स्मृति में हर वर्ष देश स्तर के एक – एक वरिष्ठ व युवा कलाकार को पुरवाई कला सम्मान से सम्मानित किया जाता है । वर्ष 2025 का यह सम्मान इस बार आगरा व गोरखपुर के कलाकार को प्रदान किया जाएगा। वरिष्ठ कलाकार के रूप में इस वर्ष यह सम्मान आगरा कालेज, आगरा के चित्रकला विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर मीना कुमारी एवं दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के ललित कला व संगीत विभाग के पूर्व छात्र व मूर्तिकार महेश वर्मा को युवा कलाकार के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
दोनों कलाकार को यह सम्मान 2 अगस्त को विजय चौक स्थित होटल ब्लैक हॉर्स के सभागार में आयोजित होने वाले समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा। इन कलाकारों के नामों की घोषणा सोमवार को गोरखनाथ स्थित संस्था कार्यालय में तीन सदस्यीय चयन समिति की हुई बैठक के बाद की गई। सदस्य के रूप में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के ललित कला एवं संगीत विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गौरी शंकर चौहान, डॉ. प्रदीप साहनी व संस्थाध्यक्ष ममता श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
