Monday, February 23, 2026
HomeUncategorizedपारिवारिक कलह से टूटी बेटी, पुल से लगाई नदी में छलांग

पारिवारिक कलह से टूटी बेटी, पुल से लगाई नदी में छलांग

भागलपुर पुल पर आत्महत्या की कोशिश, पुलिस और मछुआरों की तत्परता से बची जान

भागलपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)।
देवरिया जनपद के भागलपुर पुल पर शनिवार की सुबह एक सनसनीखेज घटना घटी, जब एक परिवारिक विवाद के चलते एक लड़की ने नदी में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस और मछुआरों की मुस्तैदी से उसकी जान बचा ली गई।

क्या हुआ था?

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरखपुर निवासी डॉक्टर अपनी पत्नी, सास और बेटी को लेकर कार से सिवान, बिहार के ग्राम बेलही जा रहे थे। रास्ते में किसी बात को लेकर कार में परिवारिक कहासुनी हो गई। इससे आहत होकर परिवार ने कार रोक दी और भागलपुर पुल पर आकर आत्महत्या की नीयत से रुक गया।

इस दौरान पिता ने नदी में कूदने की कोशिश की, लेकिन पत्नी ने उन्हें रोक लिया। तभी पीछे की सीट पर बैठी लड़की ने कार का पिछला दरवाज़ा खोलकर नदी में छलांग लगा दी।

स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता

यह दृश्य देख कर पुल पर टहल रहे लोग दौड़ पड़े और लड़की के परिजनों को पकड़ लिया। तुरंत भागलपुर पुलिस चौकी को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे दीवान अरविंद मौर्य, सिपाही सुनील पाल और प्रदीप कुशवाहा ने मछुआरों की मदद से तुरंत नदी में बचाव कार्य शुरू किया।

मछुआरों ने निकाला बाहर

नदी में पहले से मौजूद मछुआरों ने डूबती लड़की को बाहर निकाला। लड़की काफी पानी पी चुकी थी, लेकिन मछुआरों द्वारा त्वरित प्रयास से उसे उल्टी कराकर पानी बाहर निकाला गया।

इलाज और रेफर

घटना में बचाव कार्य के दौरान सिपाही सुनील पाल के पैर में चोट आ गई। लड़की को भागलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।

पुलिस जांच जारी

पुलिस के अनुसार लड़की कुछ दिन पहले बिलासपुर स्थित मौसी के घर छुट्टी मनाने गई थी और वहां से लौटकर अपने माता-पिता के साथ सिवान जा रही थी। फिलहाल पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है।

पुल सुरक्षा पर उठे सवाल

इस तरह की घटनाएं भागलपुर पुल पर लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल पर सुरक्षा इंतजाम, सीसीटीवी कैमरे, और निगरानी बढ़ाई जाए ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments