मोटरसाईकिल की चाबी निकाल कर लाठी-डंडों से किया हमला,प्रेम प्रसंग की पुरानी रंजिश में वारदात का आरोप
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। बाजार में सब्जी खरीदने जा रहे एक युवक को रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हालत में सड़क पर अचेत हो गया। आरोप है कि हमलावर उसे मरा समझकर मौके से फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे तत्काल अमहवा चौराहे के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। परिजनों ने इस हमले के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ी पुरानी रंजिश को वजह बताया है।
जानकारी के मुताबिक रविवार शाम करीब पांच बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के वन ग्राम बीट निवासी इन्द्रजीत साहनी पुत्र बैजनाथ मोटरसाईकिल से पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के अमहवा चौराहे पर सब्जी खरीदने जा रहा था। अभी वह मरचहवा वन चौकी के समीप पहुंचा ही था कि गांव के कुछ लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उसकी मोटरसाईकिल की चाबी निकाल ली। विरोध करने पर लाठी-डंडों से उस पर ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए।
अचानक हुए हमले से युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। गंभीर चोट लगने से वह सड़क पर गिरकर अचेत हो गया। शरीर से खून बहता देख हमलावर उसे मृत समझ कर वहां से भाग निकले। कुछ देर बाद अमहवा बाजार की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर सड़क पर पड़े घायल युवक पर पड़ी। उन्होंने शोर मचाकर आस-पास के लोगों को बुलाया और परिजनों को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पहुंचे परिजन उसे उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गए।
परिजनों के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले गांव की ही एक युवती से इन्द्रजीत का संबंध हो गया था। इस मामले में युवती के परिजनों की ओर से उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद से युवती इन्द्रजीत के साथ उसके घर पर रह रही है। परिजनों का आरोप है कि इसी मामले की पुरानी रंजिश में युवती के परिजनों ने इन्द्रजीत
को रास्ते में घेरकर जानलेवा हमला किया। परिजनों ने बताया कि होश में आने के बाद इन्द्र जीत ने मारपीट में शामिल लोगों के नाम बताए हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक घटना के संबंध में पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। तहरीर मिलने और पुलिस जांच के बाद ही हमले की वास्तविक वजह तथा आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
