32 मेधावी छात्राओं को छात्रवृत्ति देकर विश्वविद्यालय ने बढ़ाया हौसला
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में आयोजित मेमोरियल छात्रवृत्ति वितरण समारोह में विधि एवं परास्नातक स्तर के विभिन्न विषयों के कुल 32 मेधावियों को कुलपति प्रो. पूनम टंडन द्वारा प्रमाणपत्र एवं धनराशि का चेक प्रदान किया गया। छात्रवृत्ति प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उल्लेखनीय यह रहा कि सभी मेमोरियल छात्रवृत्तियां सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को मिलीं, जो पूर्वांचल में महिला शिक्षा और सशक्तिकरण की बढ़ती भूमिका का प्रतीक माना जा रहा है।
समारोह में सत्र 2025-26 के सर्वोच्च अंक प्राप्त विद्यार्थियों को स्वामी शिवानन्द मेमोरियल छात्रवृत्ति के अंतर्गत 6000 रुपये प्रदान किए गए। वहीं पं. हरिहर प्रसाद दुबे मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से पं. हरिहर प्रसाद दुबे मेमोरियल छात्रवृत्ति, प्रो. प्रभाशंकर पाण्डेय छात्रवृत्ति, श्रीमती पुष्पा देवी मेमोरियल छात्रवृत्ति, श्रीमती शांति तिवारी मेमोरियल छात्रवृत्ति तथा श्रीमती सावित्री मेमोरियल छात्रवृत्ति के अंतर्गत मेधावियों को 10 हजार से 15 हजार रुपये तक की धनराशि एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
गणित विभाग के परास्नातक टॉपर्स के लिए संचालित प्रो. राम निवास मेमोरियल छात्रवृत्ति के तहत विगत दो सत्रों के टॉपर्स विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपये का चेक एवं प्रमाणपत्र दिया गया। कुल मिलाकर समारोह में मेधावियों को लगभग 3.50 लाख रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई।
मेधावी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक सहयोग समाज सेवा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। समाज के सक्षम लोगों द्वारा विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग किए जाने से अनेक प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों से भी स्वैच्छिक रूप से विद्यार्थियों को पुस्तकें, अध्ययन सामग्री अथवा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता करना केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि आत्मिक संतोष का भी माध्यम है। छात्रवृत्तियां विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देती हैं।
कार्यक्रम में प्रभारी डीएसडब्ल्यू प्रो. वीना बत्रा कुशवाहा ने छात्रवृत्तियों की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी का स्वागत किया तथा छात्रवृत्ति प्राप्त विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अखिल मिश्र एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मनीष पाण्डेय ने किया।
इस दौरान कुलसचिव डी. के. श्रीवास्तव, वित्त अधिकारी प्रो. जयमंगल राव समेत कई शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। भारत सरकार द्वारा संचालित ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत…
हनुमानगढ़ी मंदिर पर बड़े मंगलवार के अवसर पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हजारों लोगों ने…
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने खलीलाबाद विकासखंड अंतर्गत ग्राम चकदही…
मान्यता से अधिक कक्षाएं चलाने पर जिला विद्यालय निरीक्षक सख्त, कई स्कूलों व संस्थानों को…
धरती माँ की छाँव थे, हरियाले वनराज,इनके दम से जीवित है, जीव-जगत समाज।लोभ बढ़ा तो…
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों को जिलाध्यक्ष ने दिया संगठन को और मजबूत करने का निर्देश सलेमपुर,…