मस्जिद में गाली देने के आरोप को लेकर शुरू हुआ विवाद, खाना खाने की तैयारी के दौरान युवकों ने किया हमला; पांच लोगों के सिर में गंभीर चोट

भागलपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। मईल थाना क्षेत्र के तेलिया कला गांव में मंगलवार देर रात शादी समारोह के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गांव के कुछ युवकों ने शादी में नेवता देने पहुंचे अकूबा गांव के लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में एक ही परिवार के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में पांच लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को देवरहवा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, अकूबा गांव निवासी जमशेद अली, सलीम अंसारी, कमरुद्दीन, शमशाद, नौशाद, शहजाद, मुसाफिर, एजाज और इस्तेखार अहमद मंगलवार शाम तेलिया कला निवासी इकबाल अंसारी की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। बारात आने के बाद सभी लोग शादी समारोह में व्यस्त थे। इसी दौरान परिवार के एक सदस्य और तेलिया कला के एक युवक के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।बताया जाता है कि विवाद की शुरुआत मस्जिद में गाली देने के आरोप को लेकर हुई। तेलिया कला के एक युवक ने अकूबा से आए युवक पर मस्जिद में गाली देने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस बढ़ने लगी। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह मामला शांत करा दिया।आरोप है कि कुछ देर बाद जब शादी समारोह में लोग भोजन करने की तैयारी कर रहे थे, तभी गांव के कुछ युवक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और अकूबा से आए लोगों पर हमला बोल दिया। अचानक हुई मारपीट से शादी समारोह में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हमले में नौशाद, शहजाद, कमरुद्दीन, शमशाद और जमशेद अली के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य लोगों को भी शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें लगीं। घटना के बाद घायलों को तत्काल सीएचसी सलेमपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति वाले घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को लेकर चर्चाएं तेज हैं। फिलहाल विवाद के वास्तविक कारणों और घटना में शामिल लोगों के संबंध में आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।