Tuesday, April 14, 2026
HomeNewsbeatविकास भवन में धूमधाम से मनाई गई बाबा साहब अंबेडकर की 135वीं...

विकास भवन में धूमधाम से मनाई गई बाबा साहब अंबेडकर की 135वीं जयंती

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)
विकास भवन के सभागार में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता और समानता के मूल्यों को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धांजलि सभा से हुई, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में उनके जीवन, संघर्ष और योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित वक्ताओं ने बताया कि बाबा साहब केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि एक महान समाज सुधारक और अर्थशास्त्री भी थे, जिनके विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।
अपने संबोधन में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहें। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया गया तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी संदीप गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र, डीसी मनरेगा राजीव कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी विकास रश्मि मिश्रा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सुशील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने बाबा साहब के बताए ‘सामाजिक समरसता’ के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments