बहराइच/मिहींपुरवा (राष्ट्र की परम्परा)। नगर पंचायत मिहींपुरवा के रामलीला मैदान में श्री रामलीला ट्रस्ट (रजि.) के तत्वावधान में आयोजित रामलीला महोत्सव में अहिल्या उद्धार, गंगा अवतरण और माता सीता की उत्पत्ति की लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने सजीव अभिनय के माध्यम से रामायण के प्रमुख प्रसंगों को प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।रामलीला में भगवान श्रीराम द्वारा महर्षि गौतम की पत्नी अहिल्या का उद्धार करने के प्रसंग का प्रभावशाली मंचन किया गया। इस दृश्य को देखकर दर्शक भावुक हो उठे। वहीं, राजा भगीरथ की कठोर तपस्या के फलस्वरूप मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरित होने की कथा प्रस्तुत की गई। इसके माध्यम से कलाकारों ने मां गंगा की महिमा और उनकी पौराणिक महत्ता को दर्शाया। माता सीता की उत्पत्ति से जुड़े प्रसंग का मंचन भी आकर्षण का केंद्र रहा।कलाकारों ने अपने अभिनय, संवाद और मंच प्रस्तुति से रामायण के इन प्रसंगों को जीवंत बना दिया। रामलीला के दौरान मैदान में उपस्थित श्रद्धालु जय श्रीराम के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम में श्री रामलीला ट्रस्ट के अध्यक्ष जुगुल किशोर के साथ निकुंज अग्रवाल, अमित रस्तोगी, अजय मदेशिया, गिरीश त्रिपाठी, मदन पोरवाल, दीपक मदेशिया, सुनील गुप्ता, कमल पोरवाल, कुमार प्रदीप, अरविन्द वर्मा, संतोष मदेशिया सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।