16 दिसंबर तक पेश होने का आदेश
शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)
बदायूं जिले के दातागंज थाने में दर्ज मुकदमे में फरार चल रहे नामजद आरोपी के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने उद्घोषणा चस्पा करने की कार्रवाई की। रविवार 22 नवंबर को थाना हजरतपुर पुलिस टीम ने थाना सिंधौली क्षेत्र के ग्राम पैना खुर्द स्थित आरोपी के निवास पर पहुंचकर मुख्य द्वार पर न्यायालय का नोटिस चस्पा किया। इसके साथ ही गांव में मुनादी कराकर लोगों को भी कार्रवाई की जानकारी दी गई।
मामले में रामजीत पुत्र कलिका निवासी ग्राम पैना खुर्द थाना सिंधौली, जनपद शाहजहांपुर नामजद अभियुक्त है। उसके खिलाफ थाना दातागंज जनपद बदायूं में मुकदमा दर्ज है। आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बच रहा है। न्यायालय की ओर से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बावजूद उसके पेश न होने पर एसीजे (एसडी)/एसीजेएम कोर्ट नंबर-1 बदायूं ने 17 नवंबर 2026 को उसके विरुद्ध उद्घोषणा जारी की थी।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने आरोपी के घर नोटिस चस्पा कर उसे 16 दिसंबर 2026 को न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। निर्धारित तिथि तक न्यायालय में उपस्थित न होने की स्थिति में आरोपी की संपत्ति कुर्क करने की अगली वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। यह कार्रवाई थाना हजरतपुर पुलिस द्वारा न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई।
