
एसएसबी मार्ग पर उमड़ी भीड़, जवानों ने लोगों को हटाकर बनाई सुरक्षित दूरी, वन विभाग को दी सूचना
महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)।भारत- नेपाल सीमा से सटे सरहदी कस्बे सोनौली में रविवार उस समय हड़कंप मच गया, जब एसएसबी मार्ग स्थित एक पीपल के पेड़ पर विशालकाय अजगर दिखाई दिया। पेड़ पर अजगर को देख कर आस-पास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए भय का माहौल बन गया। हालांकि तमाशबीनों में कई लोग खतरे की परवाह किए बिना अजगर के साथ सेल्फी लेने में जुट गए। जानकारी के अनुसार, सुबह लोगों की नजर पीपल के पेड़ पर मौजूद अजगर पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर आस-पास फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूचना मिलने पर एसएसबी के जवान मौके पर पहुंचे और भीड़ को पेड़ से दूर कराया। जवानों ने लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील करते हुए किसी भी तरह की छेड़-छाड़ से बचने की अपील की। अजगर के पेड़ पर होने की जानकारी एसएसबी जवानों ने वन विभाग के अधिकारियों को दी। इसके बाद वन विभाग की टीम के पहुंचने और अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किए जाने का इंतजार किया जाने लगा। एसएसबी जवान मौके पर निगरानी करते रहे, ताकि भीड़ अजगर के करीब न पहुंचे और कोई अप्रिय घटना न हो।अजगर को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाने और सेल्फी लेने में जुटे रहे। ऐसे में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रही। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, अजगर सामान्यतः मनुष्यों से बचने की कोशिश करता है, लेकिन उसे घेरने, छेड़ने या बहुत करीब जाने पर स्थिति जोखिम पूर्ण हो सकती है। ऐसे में वन विभाग की टीम के पहुंचने तक लोगों को पर्याप्त दूरी बनाए रखना जरूरी है।खबर लिखे जाने तक अजगर पीपल के पेड़ पर ही मौजूद था। मौके पर एसएसबी जवानों की निगरानी में लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया था। वन विभाग की टीम द्वारा अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू करने की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा था।
