बलिया (राष्ट्र की परम्परा )
विकासखंड सीयर की ग्राम पंचायत पशुहारी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की रहस्यमय बीमारी से मौत के बाद गांव में दहशत का माहौल है। परिवार के अन्य सदस्यों के भी बीमारी की चपेट में आने की बात सामने आने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। बीमारी के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाने से लोग भयभीत हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रमाशंकर राजभर ‘विद्यार्थी’ ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर तत्काल केंद्रीय स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम पशुहारी भेजने की मांग की है। सांसद ने प्रभावित परिवार के साथ पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में स्वास्थ्य सर्वेक्षण कराने तथा लोगों की आवश्यक चिकित्सकीय जांच कराने का भी अनुरोध किया है।
बताया जाता है कि पशुहारी निवासी शिवचन्द राजभर करीब एक माह पूर्व बेंगलुरु से कमाकर अपने घर लौटे थे। इसके बाद उनके परिवार में बीमारी का सिलसिला शुरू हुआ। बीमारी के चलते उनकी माता जोनिया देवी और पत्नी आशा देवी की मौत हो गई। परिवार के एक अन्य सदस्य की भी इसी बीमारी से मृत्यु बताई जा रही है। इसी सप्ताह शिवचन्द राजभर की करीब 29 वर्षीय बेटी प्रीति की भी बीमारी के कारण मौत हो गई। लगातार मौतों से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।परिजनों के अनुसार शिवचन्द राजभर भी इसी बीमारी से पीड़ित हैं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीएमएस, बलिया की सलाह पर उन्हें बलिया सदर अस्पताल से गोरखपुर स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है। सांसद रमाशंकर राजभर ‘विद्यार्थी’ ने एम्स गोरखपुर के निदेशक से स्वयं बातचीत कर शिवचन्द के बेहतर इलाज के लिए भर्ती की व्यवस्था कराई। बताया गया कि गोरखपुर जाते समय सांसद ने रास्ते में शिवचन्द और उनके बेटे से मुलाकात कर आर्थिक सहयोग भी दिया। सांसद की पहल से परिजनों को इलाज में मदद के साथ मानसिक संबल भी मिला है।
परिजनों के मुताबिक बीमारी के दौरान बुखार, सांस फूलना, पेट लाल होकर फूलना, पेट का कड़ा हो जाना और बाद में सांस लेने में गंभीर परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उपचार और जांच के प्रयास किए गए, लेकिन बीमारी की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी। लगातार मौतों के बाद ग्रामीण बीमारी के कारणों को लेकर आशंकित हैं।ग्रामीणों का कहना है कि बीमारी की वास्तविक वजह जल्द सामने आनी चाहिए, ताकि गांव में यदि संक्रमण या किसी अन्य कारण से बीमारी फैल रही है तो समय रहते उसकी रोकथाम की जा सके। प्रभावित परिवार के साथ गांव के अन्य लोगों की भी स्वास्थ्य जांच कराने की मांग उठ रही है।
सांसद रमाशंकर राजभर ‘विद्यार्थी’ ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेषज्ञों की टीम तत्काल भेजने, मृतकों की बीमारी के कारणों की चिकित्सकीय जांच कराने तथा गांव में व्यापक स्वास्थ्य सर्वेक्षण कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि बीमारी की वास्तविक वजह सामने आना बेहद जरूरी है, ताकि समय रहते आवश्यक उपचार और बचाव के कदम उठाए जा सकें तथा अन्य लोगों की जान बचाई जा सके।
बलिया (राष्ट्र की परम्परा ) मनियर थाना क्षेत्र के निपानिया गांव में शुक्रवार सुबह दोस्तों…
स्थापना दिवस पर विशेष: पुनीत मिश्र संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। कभी जिस मगहर…
बिहार (राष्ट्र की परम्परा)। बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो…
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि…
महबूब नगर गांव में दहशत, ग्रामीणों का वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन; हिंसक जानवर की…
बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। मटेरा थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग…