कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद की मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति, कुशीनगर ने पत्रकारों को पूर्व में उपलब्ध रेल यात्रा रियायत सुविधा को पुनः शुरू कराने की मांग को लेकर सांसद विजय कुमार दुबे को ज्ञापन सौंपा है। समिति का कहना है कि कोविड-19 महामारी के दौरान अस्थायी रूप से स्थगित की गई यह सुविधा आज तक बहाल नहीं हो सकी है, जिससे मान्यता प्राप्त पत्रकारों को समाचार संकलन और जनहित से जुड़े कार्यों के दौरान अनावश्यक आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।
समिति के अध्यक्ष एस.एन. शुक्ला के नेतृत्व में भेजे गए पत्र में कहा गया है कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। दूर-दराज क्षेत्रों में जाकर समाचार संकलन, जनसमस्याओं को उजागर करने तथा सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत सामने लाने के लिए पत्रकारों को लगातार यात्रा करनी पड़ती है। ऐसे में रेल यात्रा रियायत सुविधा उनके कार्य को अधिक प्रभावी और सुगम बनाती थी।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि कोरोना महामारी के दौरान रेल मंत्रालय ने विभिन्न रियायती सुविधाओं के साथ पत्रकारों को मिलने वाली यात्रा रियायत भी अस्थायी रूप से बंद कर दी थी। महामारी समाप्त होने के बाद भी इस व्यवस्था को पुनः लागू नहीं किया गया, जिससे देशभर के मान्यता प्राप्त पत्रकार प्रभावित हैं।
पत्रकार समिति ने सांसद विजय कुमार दुबे से अनुरोध किया है कि वे इस विषय को संसद तथा रेल मंत्रालय के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर पत्रकारों की रेल यात्रा रियायत सुविधा को शीघ्र बहाल कराने के लिए सकारात्मक पहल करें। समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि सांसद इस जनहित और पत्रकार हित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे पर गंभीरता से पहल करेंगे।
