Friday, April 24, 2026
HomeNewsbeatनेपाल सड़क हादसे के घायलों से मिले डीएम-एसपी, बेहतर इलाज के दिए...

नेपाल सड़क हादसे के घायलों से मिले डीएम-एसपी, बेहतर इलाज के दिए निर्देश

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नेपाल में हुए सड़क हादसे में घायल लोगों का हाल-चाल लेने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर का संयुक्त रूप से भ्रमण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से वार्ता करते हुए घायलों के समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार को सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने प्राचार्य से सभी आवश्यक दवाएं, जांच एवं चिकित्सकीय सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि घायलों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन द्वारा बेहतर समन्वय और त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक नायब तहसीलदार प्रद्युम्न सिंह एवं फार्मासिस्ट धर्मेंद्र त्रिपाठी की ड्यूटी मेडिकल कॉलेज में लगाई गई है। ये दोनों अधिकारी घायलों और उनके परिजनों को हर संभव सहयोग प्रदान करते हुए प्रशासन और अस्पताल के बीच समन्वय स्थापित कर रहे हैं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार भर्ती घायलों में से 06 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। चिकित्सकीय टीम द्वारा सभी मरीजों की नियमित निगरानी की जा रही है।
इस अवसर पर डीएम और एसपी ने घायलों के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments