पूर्व विधायक शीतल पांडेय को पुत्र शोक
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के सहजनवा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शीतल पांडेय के सबसे छोटे सुपुत्र मानवेन्द्र पाण्डेय ‘मन्नू’ के आकस्मिक निधन से पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया। उनके असमय चले जाने की खबर ने परिवार ही नहीं, बल्कि राजनीतिक, सामाजिक और आम जनमानस को भी गहरे सदमे में डाल दिया।
मंगलवार शाम राजघाट, राप्ती तट, गोरखपुर पर नम आंखों और भारी मन के बीच उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान वातावरण बेहद भावुक रहा और हर चेहरा शोक में डूबा नजर आया। बड़ी संख्या में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे और मौन भाव से श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजघाट पर पूर्वांचल के अनेक भाजपा नेता, व्यापारी, समाजसेवी सहित विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार को ढाढ़स बंधाया और इस कठिन समय में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
स्व. मन्नू के निधन पर नगर पंचायत घघसरा के अध्यक्ष प्रभाकर दूबे, अवनीश मिश्रा, पूर्व विधायक जीएम सिंह, अरुणेश शाही, आदित्य प्रताप सिंह आगू, मायाशंकर शुक्ल आदि ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
मानवेन्द्र ‘मन्नू’ अपने सरल स्वभाव, सहज व्यवहार और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण हर किसी के प्रिय थे। उनके असमय निधन ने एक ऐसी रिक्तता छोड़ दी है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा। उपस्थित लोगों ने उन्हें याद करते हुए कहा कि उनका स्नेह और अपनापन हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेगा।
