Sunday, April 19, 2026
HomeNewsbeatतालाब सफाई को लेकर प्रशासन का खंडन, 15-20 दिन में कार्य पूर्ण...

तालाब सफाई को लेकर प्रशासन का खंडन, 15-20 दिन में कार्य पूर्ण करने का दावा

आगरा (राष्ट्र की परम्परा)l ग्राम पंचायत रायभा के मजरा नगला लालदास में धरना स्थल से जुड़े मृतक मिठ्ठन लाल के मामले में विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित तथ्यों का जिला पंचायत राज अधिकारी ने खंडन किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कहना कि शिकायतों के बावजूद तालाब की सफाई नहीं कराई गई, पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन है।
प्रशासन के अनुसार विकास खंड अछनेरा के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) एवं खंड विकास अधिकारी द्वारा ग्रामीणों से लगातार संवाद किया गया है। वहीं तहसील किरावली प्रशासन द्वारा तालाब की पैमाइश कर समाधान के प्रयास भी निरंतर किए जा रहे हैं। जल निकासी के लिए ग्राम सचिव की ओर से मौके पर पम्प सेट भी लगवाया गया है, जिससे समय-समय पर पानी निकासी का कार्य कराया जा रहा है।
तालाब की सफाई और जीर्णोद्धार के लिए ग्राम पंचायत द्वारा प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है और आगामी 15 से 20 दिनों के भीतर कार्य पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
प्रशासन ने यह भी बताया कि तालाब चारों ओर से घनी आबादी से घिरा है, जहां स्थानीय लोगों द्वारा लगातार कूड़ा डाला जाता है। तालाब में फैली जलकुंभी को लेकर जिला कृषि अधिकारी द्वारा स्थायी समाधान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मृतक मिठ्ठन लाल के संबंध में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उनकी उम्र लगभग 80 से 85 वर्ष थी और वे पिछले एक सप्ताह से आगरा के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन थे, जहां उनकी मृत्यु हुई। ऐसे में उनकी मृत्यु को धरना स्थल से जोड़कर देखना उचित नहीं है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments