संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। तहसील खलीलाबाद के ग्राम परजूडीह तथा तहसील मेहदावल के ग्राम बेलौली में चकबंदी संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु जन चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप संचालक चकबंदी/अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चन्द्रेश कुमार सिंह ने ग्राम परजूडीह में तथा बन्दोबस्त अधिकारी चकबंदी विनय कुमार सिंह ने ग्राम बेलौली में उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
ग्राम परजूडीह में जानकारी दी गई कि पुराने गाटा नंबरों के तरमीम का कार्य पूर्ण हो चुका है और अब पड़ताल कार्य कराया जाना है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पड़ताल कार्य शीघ्र पूर्ण कर प्रगति सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने चकबंदी प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग रखी। साथ ही ग्राम में वरासत और नामांतरण के अविवादित प्रकरणों का कैम्प लगाकर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम बेलौली में कृषकों ने बताया कि स्वत्व एवं विभाजन से जुड़े कई मुकदमे चकबंदी अधिकारी मेहदावल के न्यायालय में लंबे समय से लंबित हैं। निर्देश दिया गया कि इन मुकदमों का शीघ्र निस्तारण कर चकबंदी कार्य को गति दी जाए। कुछ गाटा नंबरों की गलत कीमत निर्धारण की शिकायत पर स्थल निरीक्षण कर नियमानुसार दुरुस्ती कराने के बाद ही अग्रिम कार्य बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण हेतु ग्राम में सार्वजनिक स्थान पर चकबंदी अदालत लगाई जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक पैरवी के लिए परेशान न होना पड़े।
बताया गया कि चकबंदी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न ग्रामों में नियमित रूप से जन चौपाल आयोजित किए जाएंगे।
