घोसी (राष्ट्र की परम्परा)तहसील घोसी में बस स्टेशन के पुनर्निर्माण एवं उच्चीकरण कार्य का मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का आकलन करना रहा। यह कार्य आवास एवं विकास परिषद खंड आजमगढ़ द्वारा कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान बस स्टेशन के एडमिन ब्लॉक में कराए गए फ्लोर टाइल्स के कार्य में गुणवत्ता की कमी पाई गई, जिसे मानक के विपरीत बताते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि टाइल्स का कार्य गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित मानकों के अनुरूप दोबारा कराया जाए।
ये भी पढ़ें – समाज बनाम नशा: क्यों यह लड़ाई पुलिस नहीं, हर नागरिक की है
इसके अलावा बस स्टेशन परिसर में बनाए जा रहे बस प्लेटफार्म की दीवार की चिनाई भी गलत तरीके से की जा रही थी। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सीडीओ ने संबंधित हिस्से को तोड़कर पुनः सही तरीके से निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कमियों को दूर कर एक सप्ताह के भीतर सुधारात्मक कार्यों की विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा।
