Thursday, June 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकथित पति को देवरिया से पकड़ लाई पुलिस, 28 घंटे बाद मोबाइल...

कथित पति को देवरिया से पकड़ लाई पुलिस, 28 घंटे बाद मोबाइल टॉवर से उतरी महिला

सिकंदरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के लीलकर गांव में पिछले 28 घंटे से मोबाइल टॉवर पर चढ़ी महिला का हाई-वोल्टेज ड्रामा बुधवार दोपहर समाप्त हो गया। पुलिस द्वारा उसके कथित पति को देवरिया से लाकर मौके पर पेश किए जाने के बाद महिला सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, उभांव थाना क्षेत्र के शाहपुर अफगा गांव निवासी एक युवक बिहार के डेहरी ऑन सोन में रहकर काम करता था। वहीं उसकी पहचान एक विवाहित महिला से हुई। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों लगातार संपर्क में रहने लगे। महिला का पति ट्रक चालक बताया जाता है।

बताया जा रहा है कि सोमवार को युवक बिना किसी सूचना के डेहरी ऑन सोन से अपने गांव लौट आया। इसकी जानकारी मिलने पर महिला उसे खोजते हुए पहले शाहपुर अफगा पहुंची, लेकिन युवक नहीं मिला। इसके बाद वह युवक की ससुराल लीलकर गांव पहुंच गई। वहां भी युवक के बारे में संतोषजनक जानकारी न मिलने पर महिला नाराज हो गई।

गुस्से में महिला गांव स्थित एक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और कथित पति को मौके पर बुलाने की मांग करने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। महिला को समझाने-बुझाने के कई प्रयास किए गए, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।

मंगलवार से बुधवार तक महिला टॉवर पर डटी रही और युवक को बुलाने की जिद करती रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उसकी लोकेशन देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर रामनगर में मिली। इसके बाद पुलिस उसे लेकर लीलकर गांव पहुंची।

मौके पर दोनों की मोबाइल फोन पर बातचीत कराई गई। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी शर्तें रखीं, जबकि युवक ने उसके साथ रहने और सभी बातें मानने का आश्वासन दिया। इसके बाद महिला टॉवर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई और करीब 28 घंटे बाद सकुशल नीचे आ गई।

क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर रजनीश कुमार यादव ने बताया कि महिला को सुरक्षित टॉवर से उतार लिया गया है। महिला और उसके कथित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments