सोते समय सिर पर धारदार हथियार से किए चार वार, 17 संदिग्धों से पूछताछ के बाद आरोपी गिरफ्तार

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में बीएससी छात्र एवं व्यापारी पुत्र कार्तिकेय मिश्र उर्फ शुभम (20) की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक शुभम की हत्या उसके पट्टीदार संतोष मिश्रा ने अवैध संबंध होने के शक में की थी। आरोपी ने सोते समय धारदार हथियार से शुभम के सिर पर चार वार किए थे। पुलिस ने संतोष मिश्रा को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किया है।पुलिस के अनुसार बुधवार रात शुभम घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित बरामदे में सोने गया था। गुरुवार तड़के करीब पांच बजे संतोष मिश्रा वहां पहुंचा और सो रहे शुभम के सिर पर धारदार हथियार से लगातार चार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से शुभम की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर बांसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के संबंध में शुभम के चचेरे भाई विवेकानंद मिश्र की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने हत्यारे की तलाश शुरू की।हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ शुभम के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी खंगाली। पुलिस ने गांव और आसपास के करीब 17 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान संतोष मिश्रा की गतिविधियों पर संदेह हुआ। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की।पुलिस पूछताछ में संतोष ने बताया कि उसे शुभम के किसी महिला से कथित अवैध संबंध होने का शक था। इसी को लेकर उसके मन में शुभम के प्रति आक्रोश था। पुलिस के मुताबिक इसी शक के चलते उसने हत्या की योजना बनाई और मौका पाकर शुभम के सोने के स्थान पर पहुंचकर उसके सिर पर धारदार हथियार से चार वार कर दिए। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है तथा बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों को विवेचना में शामिल किया जा रहा है।पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पूरी ने हत्याकांड के खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। प्रेस वार्ता में सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ क्राइम अरुण कुमार तथा सीओ बांसगांव अनुज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।