देवरिया (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)
ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल विभाग एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न आयु वर्गों—सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर—में ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिताएं दो स्तरों पर होंगी—जनपद स्तर पर सांसद खेल स्पर्धा तथा विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विधायक खेल स्पर्धा के अंतर्गत। इन प्रतियोगिताओं में ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
आठ प्रमुख खेल विधाओं—एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबाल, फुटबॉल, भारोत्तोलन, जुडो एवं बैडमिंटन—में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। खास बात यह है कि प्रत्येक खेल में महिला (बालिका) वर्ग की प्रतियोगिताओं को भी शामिल किया गया है, ताकि ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को समान अवसर मिल सके।
जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी पंजीकरण की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी युवा साथी पोर्टल (https://www.yuvasathi.in) पर जाकर “मा० विधायक खेल स्पर्धा पंजीकरण” टैब के माध्यम से अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से चयनित प्रतिभाओं को न केवल सम्मानित किया जाएगा, बल्कि उन्हें आगे राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर भी मिलेगा। इस आयोजन से ग्रामीण अंचलों में खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
