देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)
जनपद में अपराध और अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रुद्रपुर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना रुद्रपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 452/25, धारा 137(2), 64(1), 87 बीएनएस तथा 5J(2)/6 पॉक्सो एक्ट से संबंधित अभियुक्त अमरजीत, निवासी थाना क्षेत्र रुद्रपुर, को 31 मार्च 2026 को ग्राम छितही पोखरे के पास कटरैन के समीप से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि संबंधित पीड़िता को थाना रुद्रपुर पुलिस ने 20 मार्च 2026 को सकुशल बरामद कर लिया था, जिसके बाद अभियुक्त की तलाश तेज कर दी गई थी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को सफलता मिली।
गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक सौरभ सिंह और कांस्टेबल कन्हैया लाल चौधरी की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस विभाग ने इस कार्रवाई को अभियान के तहत बड़ी सफलता माना है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
