Friday, March 6, 2026
HomeNewsbeatविराट के शतक पर भारी पड़ा हर्षित राणा का विकेट, इंदौर में...

विराट के शतक पर भारी पड़ा हर्षित राणा का विकेट, इंदौर में भारत हारा सीरीज 2-1 से गंवाई

इंदौर (राष्ट्र की परम्परा)। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए भारत बनाम न्यूजीलैंड तीसरे और निर्णायक वनडे में भारतीय क्रिकेट फैंस को बड़ा झटका लगा। टीम इंडिया को 41 रन से हार का सामना करना पड़ा और इसके साथ ही न्यूजीलैंड ने वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। यह पहला मौका है जब न्यूजीलैंड ने भारत को उसी के घर में वनडे सीरीज में हराया है।

विराट कोहली की शानदार शतकीय पारी के बावजूद भारतीय टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। इस मुकाबले का असली टर्निंग पॉइंट विराट का विकेट नहीं, बल्कि उससे पहले हर्षित राणा का आउट होना साबित हुआ, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

विराट कोहली ने जगाई जीत की उम्मीद

338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान रोहित शर्मा 11 और शुभमन गिल 23 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मुश्किल हालात में विराट कोहली ने एक छोर संभाला और दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए वनडे करियर का 54वां शतक जड़ा। विराट ने 108 गेंदों में 124 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।

हर्षित राणा के साथ बदला मैच का माहौल

जब भारत का स्कोर 178/6 था और हार तय नजर आ रही थी, तभी हर्षित राणा ने मैदान पर आकर खेल का रुख बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 41 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और विराट कोहली के साथ सातवें विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी से स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में जीत की उम्मीद जाग उठी और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी दबाव में नजर आने लगे।

हर्षित का विकेट बना असली टर्निंग पॉइंट

मैच का निर्णायक मोड़ 44वें ओवर में आया, जब हर्षित राणा 52 रन बनाकर आउट हो गए। इसके तुरंत बाद मोहम्मद सिराज बिना खाता खोले आउट हो गए और सारा दबाव विराट कोहली पर आ गया। जल्द ही विराट भी बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बाउंड्री पर कैच आउट हो गए। यहीं से भारत की जीत की सारी उम्मीदें खत्म हो गईं।

न्यूजीलैंड की मजबूत बल्लेबाजी

इससे पहले न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल (137 रन) और ग्लेन फिलिप्स (106 रन) की शानदार पारियों की बदौलत 8 विकेट पर 337 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। दोनों के बीच 219 रन की रिकॉर्ड साझेदारी हुई। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने 3-3 विकेट लिए।
जवाब में भारतीय टीम 296 रन पर सिमट गई और मैच के साथ-साथ वनडे सीरीज भी गंवा बैठी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments