सलेमपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। देवरिया जनपद के सलेमपुर रेलवे स्टेशन परिसर में सोमवार को राष्ट्रीय समानता दल, समाजवादी पार्टी (सपा) अनुसूचित प्रकोष्ठ एवं अन्य विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों द्वारा एक महत्वपूर्ण सविनय निवेदन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के उपरांत स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे के नाम ज्ञापन सौंपकर स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय समानता दल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि सलेमपुर नगर पंचायत तहसील मुख्यालय होने के साथ-साथ घनी आबादी वाला क्षेत्र है। रेलवे स्टेशन के दोनों ओर नगर बसा हुआ है, जबकि दक्षिणी समपार फाटक से उत्तरी समपार फाटक की दूरी लगभग चार किलोमीटर है। इस कारण आमजन, विशेषकर कम आय वर्ग के लोग, पैदल यात्री, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग एवं महिलाओं को रेलवे लाइन पार करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में लो-हाइट अंडरपास का निर्माण अत्यंत आवश्यक है, जिससे आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके।
सपा अनुसूचित प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष हरेराम आर्य ने अपनी मांग रखते हुए कहा कि भटनी स्टेशन से संचालित ट्रेन संख्या 65115 एवं 65116 का प्रस्थान एवं आगमन बरहज बाजार से किया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्रीय यात्रियों को सुविधा मिल सके। वहीं सुरेश कुशवाहा ने ट्रेन संख्या 15131 एवं 15132 का ठहराव पिवकोल रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई।
राष्ट्रीय समानता दल के जिलाध्यक्ष विजय कुमार ने अपने संबोधन में बरहज, सिसई गुलाब राय, सतरवा तथा देवराहाबाबा हाल्ट स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने की मांग की, जिससे इन स्टेशनों का समुचित विकास हो सके। बसपा नेता राजदेव प्रसाद ने सुझाव दिया कि बरहज बाजार रेलवे स्टेशन को दोहरीघाट रेलवे स्टेशन से जोड़ा जाए, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिले।
बैठक का संचालन अभय कुमार एवं आजाद कुशवाहा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर श्यामदेव यादव (सीपीआई), देशराज यादव (सपा), चन्द्रिका प्रसाद, सुजीत कुमार, बीरबल कुशवाहा, दिनेश गुप्ता, नरेन्द्र यादव सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से रेलवे प्रशासन से सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की गई, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुलभ यातायात सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
