महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। पूरे जिले को 4 जोन और 19 सेक्टर में विभाजित कर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। 1 से 4 मार्च तक विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जबकि 2-3 मार्च को होलिका दहन और 4 मार्च को रंगोत्सव के मद्देनजर अतिरिक्त एहतियात के निर्देश दिए गए हैं।
भारी पुलिस बल की तैनाती
Somendra Meena (पुलिस अधीक्षक) के निर्देशन में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
• 10 अतिरिक्त निरीक्षक
• 26 उपनिरीक्षक
• 164 हेड कांस्टेबल
• 27 महिला आरक्षी
• 2 प्लाटून पीएसी
• 6 फायर टेंकर
• 137 क्लस्टर मोबाइल टीमें
सभी टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर हालात पर नजर रखेंगी और सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करेंगी।
नेपाल सीमा और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी
नेपाल सीमा से सटे इलाकों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। पूर्व में विवादित होलिका दहन स्थलों और जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर लिया गया है। अति संवेदनशील स्थानों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस पिकेट तैनात किए गए हैं।
ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
भीड़भाड़ वाले बाजारों, चौराहों और जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी, जबकि संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी। बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग द्वारा एंटी-सबोटाज चेकिंग की जा रही है। यूपी-112 वाहनों को प्रमुख मार्गों पर तैनात कर उनका रिस्पांस टाइम बेहतर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़े – मिडिल ईस्ट में जंग तेज: ईरानी नेवी पर अमेरिका का बड़ा वार
सख्त दिशा-निर्देश
• बिना अनुमति डीजे व लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध
• दोपहिया पर तीन सवारी पूरी तरह वर्जित
• जबरन चंदा वसूली पर सख्त कार्रवाई
• अवैध व जहरीली शराब की बिक्री पर रोक
• सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई
पर्व के दिन शराब की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी और पूर्व में विवादों में शामिल अराजक तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय
जनपद स्तर पर नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा। स्वास्थ्य विभाग, 108 एंबुलेंस सेवा और जिला अस्पताल को अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने नागरिकों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।
ये भी पढ़े – होली से पहले बड़ी कार्रवाई: 7 कुंतल लहन नष्ट, अवैध भट्टियां ध्वस्त
