Tuesday, March 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउत्तर प्रदेश दिवस पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने महराजगंज को...

उत्तर प्रदेश दिवस पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने महराजगंज को रेल की दी सौगात

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)घुघली के डी0ए0 वी0 नारंग इंटरमीडिएट कालेज के मैदान में उत्तर प्रदेश दिवस का शुभारंभ मा केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने घुघली आनंदनगर वाया महराजगंज नई रेल लाइन के लिए हुए भूमि अधिग्रहण के मुआवजे का चेक भी वितरित किया। कार्यक्रम में उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर महराजगंज जिले को रेलवे की सौगात मिल रही है। आजादी के बाद आज जिला मुख्यालय को रेलवे लाइन से जुड़ने की प्रक्रिया का आरंभ हो रही है। पूर्व की सरकारों ने महराजगंज के लोगों को केवल छलने का कार्य किया और दिवास्वप्न दिखया । इसके पूर्व भी मेरे प्रयास से रेलवे लाइन के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली थी, तब प्रदेश में सपा की सरकार थी। तत्कालीन सपा सरकार ने कोई सहयोग नही किया और यह योजना ठंडे बस्ते में चली गयी थी। पूर्व की सरकारों ने न तो गरीबों की चिंता की,न किसानो की चिंता की और न महाराजगंज के विकास की चिंता की 2014 में मोदी के नेतृत्व वाली सरकार आई तो देश मे खुशहाली आई। मोदी योगी के नेतृत्व वाली सरकार ने लोगों को छत दिया, शौचालय दिया, किसान सम्मान निधि दी, युवाओ को रोजगार के अवसर प्रदान किये। उन्होंने राम मंदिर उद्घाटन की चर्चा करते हुए कहा कि हम सबके आराध्य प्रभु श्री रामचन्द्र जी टेंट से 22 जनवरी को अपने घर आये और आज महराजगंज के लोगों को रेल की सौगात भी मिल रही है। उन्होंने किसानों से अधिगृहीत भूमि के मुआवजे का उल्लेख करते हुए कहा कि आज किसानों को अधिगृहीत भूमि का चेक भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में ही आनंदनगर-घुघली वाया महराजगंज रेल लाइन को रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिली। केंद्र सरकार ने गतिशक्ति स्कीम के तहत 958.27 करोड़ की लागत से इलेक्ट्रिक रेल लाइन को अनुमति दी। 52.7 किलोमीटर लंबी आनंदनगर-घुघली वाया महराजगंज इलेक्ट्रिक रेल लाइन 958.27 करोड़ की लागत से तैयार होगी। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने कहा कि इस रेल लाइन से पंजाब और दिल्ली से असम समेत पूर्वोत्तर का रास्ता आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि महराजगंज के व्यवसायियों और आमजन के लिए यह नई रेल लाइन लाइफ लाइन होगी। कहा कि यह जनपदवासियों का सपना था जो आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के आशीर्वाद से साकार हो रहा है। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने कहा कि बहुप्रतीक्षित रेलवे लाइन के बिछने से जनपद के आमजन और व्यवसायियों को तो लाभ होगा ही। जनपद में नए व्यवसायों को भी गति मिलेगी। साथ ही रेलवे की ढुलाई लागत में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि पहले भारतीय रेलवे के नेटवर्क पर महराजगंज मुख्यालय अलग-थलग पड़ा था। यहां के लोगों को गोरखपुर- जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती थी। जिले की व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही थीं। गोरखपुर से अलग महराजगंज जिला बनने के बाद यहां के 30 लाख लोगों को विकास की आस बढ़ गई थी। लेकिन मेरे लगातार प्रयासों के बावजूद पूर्व की प्रदेश सरकारों ने कोई सहयोग नही किया। लेकिन आज मोदी और योगी के आशीर्वाद से महाराजगंज के लोगो का सपना साकार हो रहा है। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सबका सपना पूरा होने जा रहा है।केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के प्रयास से सपना पूरा हो रहा है। विधायक ने कहा कि जब से केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी के नेतृत्व वाली सरकार आई तो जनपद के विकास को पंख लगे। जनपद में विकास ने रफ्तार पकड़ी।आज मेडिकल कॉलेज बन कर तैयार हो रहा है।नेशनल हाईवे सड़को का जाल बिछ रहा है। गांव ,गरीब ,किसान, नौजवान सब खुशहाल है।राम मंदिर में प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा हो गई। देश प्रदेश राम राज्य की ओर बढ़ चला है । पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि सपा , बसपा की सरकार रही तो लेकिन विकास नही हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आयी और जनपद महराजगंज की सड़को का चौड़ीकरण हुआ। इस सरकार में 06 लाख से अधिक युवकों को रोजगार दिया गया। अयोध्या राम मंदिर आंदोलन के अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि 06 दिसम्बर 1992 में जब बाबरी मस्जिद विध्वंस हुआ तो मै अयोध्या में मौजूद था और आज लंबे संघर्षों के बाद राम मंदिर का सपना साकार हुआ है। जिलाधिकारी अनुनय झा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा की आज उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर यहां से एक बहुत ही उल्लेखनीय कार्य होने जा रहा है और घुघली–आनंदनगर वाया महराजगंज रेल लाइन के भूमि अधिग्रहण का पहला चेक मंच से वितरित किया जाएगा। साथ ही छात्र–छात्राओं को टैबलेट वितरण सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आज मुख्य अतिथि के हाथों से प्रमाण- पत्र वितरित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लिए वर्ष 2024 ऐतिहासिक है और 22 जनवरी को श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस की सभी जनपदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आशा और विश्वास है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रयास में उत्तर प्रदेश की सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इससे पूर्व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने सभी स्टालों का अवलोकन किया और दीप प्रज्जवलित कर उत्तर प्रदेश दिवस समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण के मुआवजे के रूप में 05 किसानों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित किया, जबकि आज कुल 38 किसानों 7 करोड़ 28 लाख का मुआवजा दिया गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को टूल किट, आवास की चाबी, डेमो चेक और प्रमाण पत्र वितरित किया गया। इस अवसर पर घुघली के प्राथमिक विद्यालय के बालिकाओं के द्वारा सरस्वती वन्दना , स्वागत गीत , तथा बजरंगी सिंह इंटर कालेज के बालक बालिकाओं के द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को मंत्रमुग्ध किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय , जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार, अपर जिलाधिकारी डॉ पंकज कुमार वर्मा, बीरेन्द्र सिंह , चेयरमैन संतोष जायसवाल सहित विशिष्टजन और बड़ी संख्या में आम जन उपस्थित रहें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments