Friday, March 27, 2026
HomeNewsbeatचेकिंग में दो युवक अवैध तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार

चेकिंग में दो युवक अवैध तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तिवारीपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान दो युवकों को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण में तिवारीपुर थाना पुलिस द्वारा चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शाहिल कन्नौजिया उर्फ भोले पुत्र सतीशचन्द्र निवासी माधोपुर थाना तिवारीपुर तथा अभिषेक प्रजापति पुत्र बेचन प्रजापति निवासी माधोपुर (निकट संत रविदास स्कूल) थाना तिवारीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अदद अवैध तमंचा और दो अदद जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
इस बरामदगी के आधार पर थाना तिवारीपुर में मु0अ0सं0 44/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि अवैध असलहे कहां से लाए गए थे और उनका इस्तेमाल किन उद्देश्यों के लिए किया जाना था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त शाहिल कन्नौजिया उर्फ भोले का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और एससी/एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2019, 2022, 2023 और 2024 में भी उसके खिलाफ विभिन्न मामलों में कार्रवाई हो चुकी है, जो उसकी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता को दर्शाता है।
वहीं दूसरे अभियुक्त अभिषेक प्रजापति के खिलाफ फिलहाल इसी मामले में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है, ताकि उसके संबंधों और गतिविधियों की पूरी जानकारी सामने आ सके।
अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध असलहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। चेकिंग को और तेज कर अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा। इस तरह की कार्रवाई से संभावित आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगेगा और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments