कम्प्यूटर शिक्षा मे सफलता प्राप्त करने पर छात्र छात्राओं को किया गया सम्मानित
बरहज/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता .क्रमबद्ध और नियमित अध्ययन ,कठोर श्रम और लक्ष्य प्राप्ति के लिए पूरी तरह समर्पण के द्वारा ही सफलता की कहानी लिखी जा सकती है। उक्त उद्गार जायसवाल अतिथि भवन बरहज में आयोजित लक्षय कंप्यूटर क्लास के अंकपत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए, बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रोफ़ेसर अजय कुमार मिश्र ने व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि आज कृत्रिम प्रज्ञा के बढ़ते प्रभाव वाले युग में तर्कशक्ति, चिंतन शक्ति और लेखन शक्ति को सजो कर रखना एक कठिन चुनौती है,आज के युवा वर्ग पर बहुत महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी है। इस परीक्षा में सर्वोच्च अंक से सफल होने वाले छात्रों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस युग में अपनी योग्यता को सफलता के माध्यम से प्रमाणित करने की ज़िम्मेदारी आप की है और मुझे पूरा विश्वास है कि आप इसमें सफल होंगे। विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य गणेश मिस्र ने कहा इतिहास साक्षी है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं और परिस्थितियों की दास नहीं रही है, बल्कि जिसने भी कठोर श्रम किया है सफलता के शिखर पर वही पहुँचा है। अध्यक्षीय संबोधन में भाजपा नेता अमित जायसवाल ने कहा कि चुनौतियों से घबराना नहीं है बल्कि पूरी ऊर्जा के साथ डटकर चुनौतियों का मुक़ाबला करते हुए सफलता की इबारत लिखनी है।इस अवसर पर लगभग 75 छात्र छात्राओं को अंक पत्र वितरित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से किया गया। संसथान की डायरेक्टर दिव्या मद्देशिया ने आगंतुक अतिथियों के सम्मान में स्वागत भाषण दिया साथ ही अंगवस्त्र देकर उन्हें सम्मानित किया। आभार प्रदर्शन संस्था के डायरेक्टर चंदन गौड़ ने किया और संचालन विद्यानंद पांडे ने किया। जायसवाल अतिथि भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं ने सहभाग किया।समारोह को छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष निशिकांत दीक्षित प्रखर कुमार आदि ने भी संबोधित किया।
कम्प्यूटर शिक्षा मे कड़ा संघर्ष करते हुए प्रथम स्थान शिवांश पाण्डेय ने हासिल की जबकि द्वितीय स्थान पर जाह्नवी गुप्ता रही, वही अपनी सफलता पर हर्षित होते हुए धीरज राजभर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया । इन विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि डॉ अजय कुमार मिश्रा ने अंक पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किये।
