मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। पुलिस अधीक्षक इलामारन ने पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर जोर देते हुए फोर्स को मानसिक और शारीरिक रूप से सदैव तत्पर रहने की हिदायत दी। साथ ही दंगा नियंत्रण से जुड़े सभी उपकरण सक्रिय अवस्था में अपने साथ रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
निरीक्षण के दौरान ड्रोन कैमरा, फॉरेंसिक वैन, चारपहिया व दोपहिया पीआरवी वाहनों की साफ-सफाई, हूटर, लाइट, एमडीटी, मेडिकल किट, फायर एक्सटिंग्विशर और एंटी राइट इक्विपमेंट आदि की जांच की गई। पीआरवी कर्मियों को गंभीर तथा महिला संबंधी घटनाओं की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्राथमिक कार्रवाई सुनिश्चित करने, घटनास्थल को सुरक्षित रखने के लिए क्राइम सीन किट का सही उपयोग करने तथा रिस्पॉन्स टाइम और जीपीएस प्रतिशत में सुधार लाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर विभिन्न शाखाओं और परिसर की साफ-सफाई का गहन निरीक्षण किया। बैरकों एवं अन्य सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लेते हुए रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण हेतु मूलभूत सुविधाओं की कमियों को शीघ्र दूर करने और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन दिनेश दत्त मिश्र, क्षेत्राधिकारी घोसी जितेन्द्र कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
