
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
संत कबीर नगर(राष्ट्र की परम्परा)। जिले के तहसील मेहदावल में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुँचे। ग्रामीणों ने मुख्य रूप से सड़क मरम्मत, बिजली आपूर्ति, आवास, भूमि विवाद और पुलिस से जुड़ी समस्याएँ उठाईं। जिलाधिकारी ने राजस्व अधिकारियों को भूमि विवादों के शीघ्र समाधान पर जोर दिया, वहीं पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। वहीं जिलाधिकारी आलोक कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समस्याओं का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयसीमा के भीतर होना चाहिए।
इस दौरान राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जनसुनवाई में आए लोगों ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान होगा।
