Wednesday, February 18, 2026
Homeमध्य प्रदेशहर घर तिरंगा रैली और तिरंगा रंगोली से गूंजा देशभक्ति का संदेश

हर घर तिरंगा रैली और तिरंगा रंगोली से गूंजा देशभक्ति का संदेश

बिछुआ/मध्य प्रदेश (राष्ट्र की परम्परा)। आज़ादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय बिछुआ में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा हर घर तिरंगा रैली एवं तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और नगरवासियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जागृत करना रहा। महाविद्यालय परिवार के सभी शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इस आयोजन में सम्मिलित हुए। रैली का शुभारंभ समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष सह-प्राध्यापक डॉ. पूजा तिवारी ने तिरंगा लहराकर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि तिरंगा केवल हमारे राष्ट्र की पहचान नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। रैली में एनसीसी कैडेट्स और प्रकोष्ठ के विद्यार्थियों ने “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “जय हिन्द” जैसे जोशीले नारों से पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रैली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और हर किसी के दिल में देशभक्ति की लहर दौड़ा दी।
कार्यक्रम में आयोजित तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कला से तिरंगे की सुंदर छटा बिखेरी। रंग-बिरंगे फूलों और रंगों से सजी इन रंगोलियों ने सभी का मन मोह लिया और भारतीय ध्वज की महिमा को नए अंदाज में प्रस्तुत किया। दोनों कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन प्रकोष्ठ की नोडल अधिकारी डॉ. फरहत मंसूरी के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में राष्ट्र के प्रति निष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना प्रबल होती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments