Tuesday, February 10, 2026
HomeNewsbeatबारात में आया चालक, लौटी नहीं सांसें — दूल्हे के ड्राइवर की...

बारात में आया चालक, लौटी नहीं सांसें — दूल्हे के ड्राइवर की संदिग्ध हालात में मौत, गली में मिला शव

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ियार बिशुनपुर गांव में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब कुशीनगर से आई एक बारात में शामिल दूल्हे के वाहन चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान जितेंद्र खरवार (37) पुत्र शंभू खरवार, निवासी सपहा थाना कसया, जिला कुशीनगर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुशीनगर से बारात पकड़ियार बिशुनपुर गांव आई थी। विवाह की सभी रस्में शांतिपूर्वक संपन्न हो चुकी थीं और देर रात बारात वापसी की तैयारी में थी। इसी दौरान चालक जितेंद्र खरवार अचानक लापता हो गया। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी जब वह नहीं मिला तो परिजनों और बारातियों में चिंता बढ़ गई।
बताया जा रहा है कि खोज-बीन के दौरान बारात स्थल के समीप एक संकरी गली में उसका शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर घुघली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोमवार दोपहर थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। पुलिस आस-पास के लोगों से पूछ-ताछ कर रही है और घटनास्थल के हालातों की बारीकी से जांच कर रही है।
फिलहाल पूरे मामले की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सुलझने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments