Sunday, February 1, 2026
HomeNewsbeatभजनों की सुरधारा में डूबे श्रोता, अनूप जलोटा की स्वर-लहरियों ने बांधा...

भजनों की सुरधारा में डूबे श्रोता, अनूप जलोटा की स्वर-लहरियों ने बांधा समां

मगहर/संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। मगहर महोत्सव के पहले दिन की संध्या पूरी तरह भक्ति संगीत के नाम रही। भजन सम्राट अनूप जलोटा की प्रस्तुति ने पंडाल को सुर, श्रद्धा और भक्ति की सुरधारा में डुबो दिया। उनके भजनों पर श्रोता भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम की शुरुआत अनूप जलोटा ने लोकप्रिय भजन “ऐसी लागी लगन, मीरा हो गई मगन…” से की। पहले ही भजन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद “मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे…” की प्रस्तुति पर पूरा पंडाल सुर में सुर मिलाते हुए गुनगुनाने लगा।

ये भी पढ़ें – इंटरलॉकिंग सड़क बनी गंदगी का अड्डा

“इतनी शक्ति हमें देना दाता, मन का विश्वास कम न हो” सुनाकर उन्होंने श्रोताओं में नई ऊर्जा भर दी। इसके बाद “काशी बदली, अयोध्या बदली, अब मथुरा की बारी है, राम खड़े लिए धनुष, अब बंशी बजने वाली” और “बोलो राम बोलो” जैसे भजनों के जरिए उन्होंने श्रद्धालुओं को भक्ति के सागर में डुबो दिया।

भजनों के इस कारवां के बाद अनूप जलोटा ने ग़ज़लों की ओर रुख किया। “तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो, क्या ग़म है जिसको छुपा रहे हो” की प्रस्तुति पर जमकर तालियां बजीं। वहीं “होंठों को छू लो तुम, मेरा गीत अमर कर लो…” पर भी दर्शकों ने खुलकर सराहना की। “दमादम मस्त कलंदर” से लेकर “छाप तिलक सब छीनी” तक की प्रस्तुति ने पूरे पंडाल को बांधे रखा।

करीब दो घंटे तक चले इस संगीतमय कार्यक्रम में अनूप जलोटा ने भक्ति, ग़ज़ल और सूफियाना रंग का ऐसा समां बांधा कि दर्शक पूरे कार्यक्रम के दौरान अपनी जगह से हिले तक नहीं। महोत्सव का पहला दिन इस यादगार संध्या के साथ खास बन गया।

इस अवसर पर धनघटा विधायक गणेश चौहान, जिलाधिकारी आलोक कुमार, एसडीएम अरुण कुमार, सीओ अमित सिंह, यातायात प्रभारी परमहंस, ईओ वैभव सिंह, पूर्व चेयरमैन नूरुज्जमा अंसारी, कोतवाली प्रभारी पंकज पांडेय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और संगीत प्रेमी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments