महराजगंज (राष्ट्र परम्परा)। जनपद महराजगंज के परतावल क्षेत्र में आयोजित होने वाले श्री श्री विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ रविवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भव्य कलश यात्रा निकालकर किया गया। यह महायज्ञ विगत 13 वर्षों से निरंतर श्रद्धा और आस्था के साथ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के अलावा दूर-दराज से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेते हैं।
कलश यात्रा दोपहर लगभग एक बजे परतावल बाजार स्थित शिव मंदिर से प्रारंभ हुई, जहां वैदिक रीति से जल भरकर यात्रा पुनः परतावल बाजार, कुर्मी टोला, त्रिपाठी चौक, इमिलियां मार्ग होते हुए धनगड़ा पहुंच कर संपन्न हुई। हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे और पारंपरिक वेशभूषा में सजी कन्याओं की अगुवाई में निकली इस यात्रा में भक्ति, उत्साह और उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। जयघोष और भजन-कीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
महायज्ञ के मुख्य यजमान राजेंद्र मद्धेशिया रहे। वैदिक आचार्य पंडित अंशुमान शुक्ल द्वारा मंत्रोच्चार किया गया। चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने वैदिक पूजन कर कन्याओं के साथ परिक्रमा करते हुए कलश यात्रा का विधिवत शुभारंभ कराया।
आयोजकों के अनुसार यह महायज्ञ 2 फरवरी से 10 फरवरी तक चलेगा। प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक प्रसिद्ध प्रवचनकर्ता टुनटुन मिश्र द्वारा धर्मोपदेश दिया जाएगा, जबकि प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से अयोध्या धाम की श्री राम जानकी रामलीला मंडल द्वारा भव्य रामलीला का मंचन किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से चौकी प्रभारी परतावल अमित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे और व्यवस्था को सुचारू रूप से संभालते रहे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
महायज्ञ के संरक्षक तिलकधारी मद्धेशिया, अध्यक्ष रविंद्रनाथ मिश्र, उपाध्यक्ष रामनाथ प्रजापति, इंजीनियर मनीष गुप्ता, द्वारिका वर्मा, गोविंद वर्मा, मिंटू सिंह, शिवम दुबे, जयप्रकाश मद्धेशिया, बाल्मीकि, हरिद्वार विश्वकर्मा, सीताराम सिंह, कृष्ण मुरारी सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहें।
