असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव की घटना, पढ़ाई को लेकर नाराज थी छात्रा
फतेहपुर (राष्ट्र की परम्परा)। फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के सरकंडी गांव में शुक्रवार की रात एक किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय खुशी तिवारी, जो कक्षा 10 की छात्रा थी, कीर्तन से लौटने के कुछ घंटे बाद अपने घर में फंदे से लटकी मिली।
पुलिस के मुताबिक, किशोरी की मां सुशीला देवी ने बताया कि वह बेटी के साथ रात में गांव के ही बड़े तिवारी के डेरा में आयोजित कीर्तन कार्यक्रम में गई थीं। कार्यक्रम के बाद खुशी करीब रात दो बजे घर लौट आई, जबकि मां सुबह करीब चार बजे घर पहुंचीं।
घर पहुंचकर उन्होंने देखा कि बेटी पंखे के हुक से रस्सी के सहारे फंदे पर झूल रही थी। शोर मचाने पर पड़ोसी इकट्ठा हुए और फंदा काटकर नीचे उतारा, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
पढ़ाई को लेकर हुई थी नाराजगी
किशोरी के पिता देवनरायण तिवारी दिल्ली में नौकरी करते हैं। मां सुशीला देवी ने बताया कि शुक्रवार शाम उन्होंने बेटी को पढ़ाई को लेकर डांटा था, जिससे वह नाराज हो गई थी। मां का कहना है कि नाराजगी के चलते ही बेटी ने यह कदम उठाया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विनोद निगम मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
