गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर के मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग के तत्वावधान में 16 मार्च 2026 को एक दिवसीय विशेष व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा। “प्रतिरोध के प्रतीक पूर्वांचल के स्थानीय नायक फतेह बहादुर शाही का ऐतिहासिक पुनर्मूल्यांकन” विषय पर आयोजित इस व्याख्यान में दिल्ली विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त आचार्य प्रो. जे. एन. सिन्हा मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त करेंगे।
इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम के संयोजक प्रो. मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि इतिहास के पृष्ठों में अनेक ऐसे नायक और व्यक्तित्व दर्ज हैं, जिन्हें समकालीन ऐतिहासिक स्रोतों के अभाव में वह स्थान नहीं मिल पाया, जिसके वे वास्तव में अधिकारी थे। ऐसे व्याख्यानों के माध्यम से देश और समाज के लिए योगदान देने वाले इन उपेक्षित नायकों के जीवन, संघर्ष और योगदान पर नया प्रकाश डाला जाएगा। इससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों और इतिहास के अध्येताओं को उनके बारे में अधिक प्रामाणिक और विस्तृत जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन करेंगी। उन्होंने इस आयोजन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस प्रकार के अकादमिक व्याख्यान विद्यार्थियों और शोधार्थियों के बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा इतिहास की नई दृष्टियों और विमर्शों से परिचित कराते हैं।
