संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। केंद्र सरकार के 11 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित नव निर्माण के 09 वर्ष कार्यक्रम के अंतर्गत विकास भवन परिसर स्थित डीपीआरसी हॉल में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु नौ दिवसीय कार्यक्रम जारी है। इसी क्रम में सातवें दिन स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत साफ-सफाई और स्वच्छता को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व, साफ-सफाई की आदतों और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई। जिला सलाहकार स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने जनपद में मिशन की प्रगति से अवगत कराते हुए संचारी रोगों की रोकथाम में स्वच्छता की भूमिका पर जोर दिया।
उन्होंने बताया कि नालियों, सड़कों, स्कूलों, पंचायत भवनों, स्वास्थ्य केंद्रों और कूड़ा स्थलों की नियमित सफाई अत्यंत आवश्यक है। साथ ही सभी परिवारों से शौचालय के नियमित उपयोग और खुले में शौच न करने की अपील की गई। ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के तहत सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग एकत्र कर ग्राम पंचायत स्तर पर स्थापित आरआरसी केंद्रों के माध्यम से निस्तारण करने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, सफाई कर्मी, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
