गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के तरंग सांस्कृतिक प्रकोष्ठ द्वारा सत्र 2025–26 में आयोजित होने वाले 39वें अंतर-विश्वविद्यालय युवा महोत्सव (उत्तर–मध्य क्षेत्र, हरियाणा) के लिए प्रतिभागियों के चयन की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। साहित्य, ललित कला, रंगमंच, संगीत और नृत्य वर्ग की चयन प्रतियोगिताएँ 16 एवं 17 जनवरी 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएँगी।
साहित्यिक वर्ग के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता 17 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजित होगी, जिसका विषय “उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक आंदोलन” निर्धारित किया गया है। इसी दिन दोपहर 1 बजे से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता तथा अपराह्न 2 बजे से वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वाद-विवाद का विषय “पर्यटन आधारित विकास, विनिर्माण आधारित विकास से अधिक सतत है” रखा गया है।
इसके साथ ही ललित कला वर्ग के अंतर्गत रंगोली, मिट्टी से आकृति निर्माण, पोस्टर निर्माण, चित्र-संकलन, तात्कालिक चित्रांकन एवं व्यंग्य चित्र जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। रंगमंच वर्ग में अनुकरण कला, लघु नाटिका, मूक अभिनय और एकांकी नाटक की चयन प्रतियोगिताएँ संपन्न कराई जाएँगी। संगीत वर्ग में भारतीय समूह गान, शास्त्रीय वादन एवं गायन, सुगम गायन तथा लोक वाद्यवृंद की प्रतियोगिताएँ होंगी, जबकि नृत्य वर्ग में समूह लोक एवं जनजातीय नृत्य की चयन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सभी प्रतियोगिताएँ निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार 16 एवं 17 जनवरी को संपन्न होंगी।
तरंग की निदेशक प्रो. उषा सिंह ने कहा कि युवा महोत्सव विद्यार्थियों की सृजनात्मक, सांस्कृतिक एवं बौद्धिक क्षमताओं को अभिव्यक्ति का सशक्त मंच प्रदान करता है। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं गुणवत्तापरक रखा गया है, जिससे विश्वविद्यालय का श्रेष्ठ प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जा सके।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि अंतर-विश्वविद्यालय युवा महोत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएँ इस मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन एवं तरंग सांस्कृतिक केंद्र ने सभी इच्छुक विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान के अनुसार चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अपील की है।
डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय में अंतर-विश्वविद्यालय युवा महोत्सव के लिए चयन प्रक्रिया शुरू
RELATED ARTICLES
