मऊ (राष्ट्र की परम्परा)उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज पुरुष क्रिकेट टीम को वर्ष 2025-26 की अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज क्रिकेट पुरुष प्रतियोगिता से पहले एक अनुभवी और दक्ष कोच का मार्गदर्शन मिलने जा रहा है। आज़मगढ़ जनपद के निवासी एवं वर्तमान में तहसील टांडा, जनपद अंबेडकर नगर में तैनात सब रजिस्ट्रार सत्येंद्र कुमार यादव को टीम का गेंदबाज़ी प्रशिक्षक (बॉलिंग कोच) नामित किया गया है।
खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, खेल भवन लखनऊ द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उन्हें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज पुरुष क्रिकेट टीम के गेंदबाज़ी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज क्रिकेट पुरुष प्रतियोगिता 17 फरवरी से 26 फरवरी 2026 तक नई दिल्ली के विभिन्न क्रिकेट मैदानों—भरतनगर क्रिकेट ग्राउंड अशोक विहार, सेंट्रल सचिवालय क्रिकेट ग्राउंड विनय मार्ग चाणक्यपुरी, विकासपुरी क्रिकेट ग्राउंड जी-ब्लॉक तथा शकरपुर क्रिकेट ग्राउंड—में आयोजित की जाएगी।
गौरतलब है कि सत्येंद्र कुमार यादव पूर्व में घोसी में सब रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत रह चुके हैं और स्वयं उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व खिलाड़ी के रूप में कर चुके हैं। उनके पास प्रतियोगी क्रिकेट का व्यावहारिक अनुभव, अनुशासन और तकनीकी समझ है, जिसका सीधा लाभ टीम के प्रदर्शन में देखने को मिल सकता है। खेल जगत और प्रशासनिक सेवा के समन्वय का यह उदाहरण टीम के लिए नई ऊर्जा और आत्मविश्वास लेकर आएगा।
