संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में बुधवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के बाद मगहर क्षेत्र में गिरे पेड़ों और टूटे बिजली के तारों के कारण ठप हुई विद्युत आपूर्ति 24 घंटे बाद भी बहाल नहीं हो सकी है। भीषण गर्मी के बीच अंधेरे में रह रहे लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि बिजली विभाग के जेई रवि यादव और उनके अधीन कार्यरत कर्मचारी हालात सुधारने के बजाय फोन तक उठाना मुनासिब नहीं समझ रहे हैं। यहां तक कि कई लोगों के नंबर ब्लॉक कर दिए जाने की भी शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
नगर में बीते एक दिन से बिजली गुल रहने के कारण पानी की आपूर्ति, व्यापारिक गतिविधियां और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों का कहना है कि विभाग की सुस्त कार्यशैली के चलते समस्या का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा है।
नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर बिजली व्यवस्था बहाल कराने और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
