संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के धनघटा थाना क्षेत्र के पौली ब्लॉक में भाजपा मंडल अध्यक्ष पर महिला बीडीओ और दलित पंचायत सचिव से दुर्व्यवहार तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगा है। बीडीओ श्वेता वर्मा और पंचायत सचिव रमाकांत ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार मंगलवार को बीडीओ श्वेता वर्मा एसआईआर कार्य निपटाने के बाद एडीओ पंचायत कार्यालय पहुंचीं थीं।
इसी दौरान अमौली गांव निवासी मंडल अध्यक्ष अरविंद सिंह राशन कार्ड से संबंधित प्रार्थना पत्र पर तत्काल रिपोर्ट लगाने का दबाव बनाने लगे। आरोप है कि उन्होंने हस्ताक्षर किए बिना किसी को ब्लॉक से बाहर न जाने देने की बात कही। हस्ताक्षर होने के बाद भी गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया गया। बीडीओ ने विवाद के दौरान अनुचित हरकत करने का भी आरोप लगाया है।

ये भी पढ़े – https://ce123steelsurvey.blogspot.com/2021/05/blog-post.html?m=1#google_vignette
पंचायत सचिव रमाकांत ने आरोप लगाया कि उनके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया, जान से मारने की धमकी दी गई और डंडा लेकर दौड़ाया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही विकास विभाग के कर्मचारी और भाजपा के पदाधिकारी थाने पहुंच गए, जिससे दोनों पक्षों के समर्थकों का जमावड़ा लग गया। सूचना पर एसडीएम डॉ. सुनील कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी अभयनाथ मिश्र मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
दूसरी ओर मंडलाध्यक्ष अरविंद सिंह ने आरोपों से इनकार करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
Read this: कश्मीरी गेट में गैंगस्टर के वकील की कार पर फायरिंग, 4 राउंड चली गोलियां, एक घायल
